Uttar Pradesh

महाशिवरात्रि के दिन कैसा रहेगा अयोध्या का नजारा, कहां से निकलेगी महादेव की बारात, जानें सब कुछ।

अयोध्या में महाशिवरात्रि का पर्व भव्य और ऐतिहासिक रूप में मनाया जाएगा। भगवान भोलेनाथ और मां पार्वती के पावन विवाह को लेकर संपूर्ण नगरी भक्तिमय वातावरण में डूब चुकी है। भगवान राम के पुत्र कुश द्वारा स्थापित सिद्ध पीठ नागेश्वर नाथ मंदिर पर महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठानों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

शिवरात्रि की पूर्व संध्या पर भगवान भोलेनाथ को हल्दी चढ़ाने की परंपरा निभाई जाएगी। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। इसके बाद पूरी रात भक्ति संगीत और धार्मिक कार्यक्रम चलते रहेंगे।

सुबह से ही अभिषेक का सिलसिला शुरू होगा। नागेश्वर नाथ मंदिर के प्रबंधक प्रभाकर त्रिवेदी ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन प्रातः काल से ही अभिषेक का सिलसिला शुरू होगा। श्रद्धालु जल, दूध, दही, घी, शहद और बेलपत्र से भगवान शिव का अभिषेक करेंगे। पूरे दिन भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह की विधिवत तैयारियां की जाएंगी।

शाम ठीक 7 बजे सिद्ध पीठ नागेश्वर नाथ मंदिर से भगवान शिव की भव्य बारात निकाली जाएगी। शिव बारात रामनगरी के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी, जहां जगह-जगह पुष्प वर्षा, आरती और भक्ति गीतों के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। देवताओं और गणों की वेशभूषा में सजे श्रद्धालु शिव बारात की शोभा बढ़ाएंगे।

देवरात में भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह संपन्न होगा। पूरी रात मंदिर परिसर में विवाह महोत्सव चलता रहेगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु साक्षी बनेंगे। महाशिवरात्रि के अगले दिन कलेवा का आयोजन होगा और विशाल भंडारे के साथ पर्व का विधिवत समापन किया जाएगा।

महाशिवरात्रि के अवसर पर अयोध्या में आस्था का सैलाब उमड़ता है। आसपास के जनपदों के साथ-साथ दूर-दराज से लाखों श्रद्धालु रामनगरी पहुंचते हैं। श्रद्धालु सरयू नदी में स्नान कर सिद्ध पीठ नागेश्वर नाथ मंदिर सहित अन्य शिवालयों में जलाभिषेक करते हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

पूरे अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत है। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में तैयारियों का निरीक्षण किया गया है। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि पूरे अयोध्या को 5 जोन और 12 सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। नागेश्वर नाथ मंदिर के साथ-साथ क्षीरेश्वर महादेव मंदिर पर भी व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। भीड़ बढ़ने की स्थिति में रूट डायवर्जन के लिए मास्टर प्लान तैयार है और क्राउड कंट्रोल की विशेष व्यवस्था लागू की गई है।

You Missed

authorimg
Uttar PradeshFeb 14, 2026

वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री के बैग से निकला जिंदा कारतूस, चारों तरफ मचा हड़कंप, CISF की सतर्कता से टला खतरा

वाराणसी हवाई अड्डे पर जिंदा कारतूस बरामद, आरोपी को हिरासत में लिया गया वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री…

Scroll to Top